Queen Elizabeth Death: ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का 96 वर्ष की उम्र में निधन

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का गुरुवार को 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। एलिजाबेथ द्वितीय ब्रिटेन पर सबसे लंबे समय तक राज करने वाली शाही हस्ती हैं। उन्होंने 70 साल तक ब्रिटेन पर शासन किया।

बकिंघम पैलेस ने एक बयान जारी कर कहा,’आज दोपहर बाल्मोरल में महारानी का निधन हो गया। किंग और क्वीन कंसोर्ट आज शाम बाल्मोरल में रहेंगे। वे कल लंदन लौटेंगे।’ महारानी की मौत के बाद उनके सबसे बड़े बेटे प्रिंस चार्ल्स अब ब्रिटेन के किंग बन गए हैं।

एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद उनके सबसे बड़े बेटे प्रिंस चार्ल्स ब्रिटेन के नए महाराज और राष्ट्रमंडल देशों के नए राष्ट्राध्यक्ष के रूप में महारानी के अंतिम संस्कार और श्रद्धांजलि कार्यक्रम की अगुवाई करेंगे। बकिंघम पैलेस ने गुरुवार को बताया कि उनके बेटे और उत्तराधिकारी प्रिंस चार्ल्स, उनकी पत्नी कैमिला और पोते प्रिंस विलियम बाल्मोरल पहुंच गए थे।

बता दें कि खराब स्‍वास्‍थ्‍य के चलते महारानी ने अपनी ‘प्रिवी काउंसिल’की मीटिंग रद्द कर दी थी। महारानी को आराम करने के लिए कहा गया था लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ती ही चली गई।