शिमला से भी ठंडा पंजाब, बठिंडा का न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री दर्ज किया गया

पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद से पंजाब में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार सुबह बठिंडा का तापमान शिमला से भी कम रिकार्ड किया गया। वहीं पंजाब के 13 शहरों व कस्बों का तापमान शिमला के न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री से कम आंका गया है। वहीं मौसम विभाग ने अगले 5 दिन पंजाब के अधिकतर इलाकों में भारी धुंध की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग की तरफ से सुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार बठिंडा का न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। वहीं लुधियाना में सुबह तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री कम 4.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह मोगा में भी न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया है। पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते पूरे उत्तर भारत में शीतलहर की चेतावनी मौसम विभाग जारी कर चुका है।