पंजाब पुलिस ने 19 बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश कर 119 के करीबी आतंकियों को किया काबू: IG सुखचैन सिंह गिल…

पंजाब पुलिस ने पड़ोसी देश पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी की साजिशों को नाकाम कर 19 बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश कर 119 के करीबी आतंकियों को काबू किया है। इतना ही नहीं अब तक 22 ड्रोन भी मार गिराने में पुलिस कामयाब रही है। एक जनवरी से अब तक 955 भगोड़ों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। पकड़े गए आतंकियों से पुलिस ने 43 राइफल, 220 पिस्टल, 13 टिफिन आईईडी, 24.5 किलोग्राम आरडीएक्स व विस्फोटक सामाग्री, 37 हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। यह दावा सोमवार को सेक्टर-नौ स्थित पंजाब पुलिस के मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान आईजी (हेडक्वार्टर) सुखचैन सिंह गिल ने किया।


पंजाब पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक गत साल 723 हत्या के मामले दर्ज हुए थे जबकि इस साल 654 हत्याओं के केस दर्ज हुए हैं। इसी तरह 2021 में अगवा करने के 1787 मामले सामने आए थे जबकि इस साल 1646 केस दर्ज हुए हैं। इसी तरह चोरी के 2021 में 8417 से केस दर्ज हुए थे। 2022 में इसकी संख्या 8407 रही। इस साल आबकारी एक्ट केस संबंधी 9104 केस दर्ज हुए हैं जबकि गत साल 10745 केस दर्ज हुए थे। सूबे में दर्ज एफआईआर की गिनती 2021 में 73581 से अब 71827 रह गई है।