Punjab Police ने त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशन, बाजारों में चलाया सर्च ऑपरेशन

पंजाब पुलिस ने त्योहारों के मद्देनजर राज्य भर में रेलवे स्टेशन, बाजारों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर विशेष तलाशी अभियान चलाया। यह जानकारी अधिकारियों ने रविवार को दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के निर्देश पर शनिवार को चलाया गया। पुलिस दलों ने शाम पांच बजे से रात 10 बजे तक दोपहिया वाहनों की जांच भी की।

विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने कहा कि रेलवे स्टेशन और बाजारों जैसे सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के लिए राज्य भर में 5,000 से अधिक पुलिस कर्मियों वाले 506 पुलिस दलों को तैनात किया गया था।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य में रेलवे स्टेशन और अन्य स्थानों पर चलाए गए अभियान के दौरान 5,500 से अधिक लोगों की जांच की गई। वहीं, स्पेशल डीजीपी ने कहा कि पुलिस दलों ने आठ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, जबकि दो को गिरफ्तार किया गया।

बयान में कहा गया है कि पुलिस ने 10,898 दोपहिया वाहनों की जांच की, जिनमें से 42 को जब्त कर लिया गया और 699 के मालिकों पर जुर्माना लगाया गया।