Punjab: मुठभेड़ के बाद गैंगस्टर बबलू गिरफ्तार, एसएसपी सतिंदर सिंह ने कहा…

पंजाब के गुरदासपुर में 4 घंटे चली मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गैंगस्टर बबलू को गिरफ्तार कर लिया है। उसे गोली भी लगी है। पुलिस घर से ही उसके पीछे लग गई थी।

जिसके बाद वह गुरदासपुर में बटाला-जालंधर रोड पर अच्चल साहिब के पास पड़ते गांव कोटला बोझा सिंह में गन्ने के खेत में छुप गया। वहां सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान गैंगस्टर ने 30 और पुलिस ने 40 फायर किए। पकड़े गए गैंगस्टर बबलू से 2 हथियार भी बरामद किए गए हैं।

वहीं बटाला के एसएसपी सतिंदर सिंह ने बताया कि गैंगस्टर रंजोत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ 6 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सुबह उसके घर पर छापा मारा लेकिन वह वहां से फरार हो गया।

पुलिस ने उसका पीछा किया लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया। उसके पास से 2 पिस्तौल बरामद हुई है। उसने पुलिस पर 25-30 राउंड फायरिंग की और जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी करीब 30-40 राउंड फायरिंग की। इसमें कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ है। आगे की जांच की जा रही है।