शिरोमणि अकाली दल ने लगाया शतक, अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल बोले-शिअद और बसपा आपके आपके लिए लड़ते हैं

सुखबीर सिंह बादल

शिरोमणि अकाली दल  के आज पूरे 100 साल हो गए। वहीं 100 साल पूरे होने पर मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल  ने मोगा में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सुखबीर सिंह बादल  ने विरोधियों पर जमकर निशाना भी साधा।

2022 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए सभी राजनीतिक पार्टियां तैयारी कर रही है। वहीं आज शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष ने पार्टी के 100 साल पूरे होने पर जनसभा को संबोधित किया।

अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि विधानसभा चुनाव में 4 मोर्चे हैं- भाजपा,कांग्रेस आप और शिअद-बसपा। उन्होनें कहा शिअद और बसपा अपने हैं। बसपा का जन्म पंजाब में हुआ था। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल  ने कहा कि शिअद और बसपा आपके संघर्षों को समझते हैं और आपके लिए लड़ते हैं।

इसी के साथ सुखबीर सिंह बादल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या भाजपा जिसने काला कृषि कानून बनाया आपके लिए लड़ सकता है। सुखबीर सिंह ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल ने दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का चुनाव जीता है।  लेकिन भाजपा शिअद को अध्यक्ष नियुक्त नहीं करने दे रही है क्योंकि केंद्र अपने ही आदमी को पद पर नियुक्त करना चाहता है। अकाली दल को कमजोर करना चाहते हैं।

सुखबीर सिंह बादल ने किए बड़े ऐलान

लोगों को संबोधन करते हुए शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने कई बड़े ऐलान किए, सुखबीर सिंह ने कहा कि अकाली दल और बसपा गठजोड़ की सरकार बनी तो पंजाब में 2004 के बाद भर्ती हुए मुलाजिमों पर भी पैंशन लागू होगी। गुरुद्वारों और धार्मिक स्थानों को बिजली मुफ्त देने की सुविधा दी जाएगी । इसके अलावा पंजाब में रेत माफिया को खत्म करने के लिए माइनिंग कार्पोरेशन बनाइ जाएगी। अकाली दल ने ऐलान किया है कि कच्चे मुलाजिमों को पक्का किया जाएगा और पे-कमिशन लागू किया जाएगा।

सुखबीर सिंह बादल ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगर शिरोमणि अकाली दल की सरकार आती है तो सरकार बनते ही किसानों की फसलों का बीमा करवाया जाएगा। सुखबीर बादल ने कहा कि किसानों की फसलें खराब मौसम के चलते खराब हो जाती है। जिसका उनको कांग्रेस सरकार ने अभी तक मुआवजा नहीं दिया। इसीलिए उनकी सरकार आने पर 50 हजार रुपए प्रति एकड़ के हिसाब के साथ फसलों का बीमा करवाया जाएगा, जिससे किसानों की मदद हो सकें। इसके साथ ही सुखबीर बादल ने कहा कि शराब माफिया को खत्म करने के लिए निगम बनाए जाएंगे ।