Punjab Election 2022 : कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस को मिला हॉकी स्टिक और बॉल चुनाव चिन्ह

amarinder singh

पंजाब विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान होने के बाद पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) पार्टी को हॉकी स्टिक और बॉल का चुनाव चिन्ह मिला है।

पीएलसी ने सोमवार को एक ट्वीट में कहा, “यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पंजाब लोक कांग्रेस को पार्टी का प्रतीक- हॉकी स्टिक और बॉल मिल गया है। अब केवल गोल करना बाकी है।” बता दें कि 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा के लिए 14 फरवरी को मतदान होगा, जबकि मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।

वहीं, पीएलसी के ट्वीट का हवाला देते हुए केंद्रीय मंत्री और पंजाब के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत ने ट्वीट किया, “बधाई हो कैप्टन अमरिंदर जी और पीएलसी पंजाब। आइए मिलकर पंजाब के विकास का मार्ग प्रशस्त करें। चक दे!”

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने के लिए मजबूर होने के बाद अमरिंदर सिंह ने अपनी पार्टी बनाई थी। पद से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और अपनी पार्टी बनाई।

इसके बाद अमरिंदर सिंह की पार्टी पीएलसी भाजपा और सुखदेव सिंह ढींडसा की शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ पंजाब में अगले महीने होने वाला विधानसभा चुनाव संयुक्त रूप से लड़ रही है।

वहीं, दिसंबर के अंतिम सप्ताह में तीन दलों ने आधिकारिक तौर पर पंजाब विधानसभा चुनाव संयुक्त रूप से लड़ने की घोषणा की और सीट बंटवारे के फार्मूले को तय करने के लिए प्रत्येक पार्टी के दो सदस्यों वाली छह सदस्यीय समिति का गठन किया। तीनों पार्टियां एक कॉमन मैनिफेस्टो भी जारी करेंगी।