पंजाब कांग्रेस ने की सुधीर सूरी की हत्या की निंदा, राजा वड़िंग ने उठाए सवाल

raja-warring

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने अमृतसर में दिन-दिहाड़े शिवसेना नेता सुधीर सूरी की हत्या किए जाने की निंदा की है। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा व शांति बनाए रखने की अपील की है, ताकि पंजाब के दुश्मनों की साजिश को नाकाम किया जा सके।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ढह चुके हैं और अपराधी आसानी से अपने टारगेट को चुनकर उनका कत्ल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस हत्या से खुलासा होता है कि राज्य में सरकार कानून और व्यवस्था संभालने में फेल हो चुकी हैं।

वहीं, राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को हालातों को हल्के में न लेने की चेतावनी देते हुए कहा कि यह सब इसलिए हुआ है, क्योंकि पूरी सरकार गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावों में व्यस्त है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने राज्य दिल्ली से बाहर रहकर गुजरात और हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार कर सकते हैं, लेकिन पंजाब में ऐसा नहीं हो सकता, क्योंकि पंजाब में शासन चलाना आसान नहीं है और यह समय-समय पर साबित हो चुका है। पंजाब को फुल टाइम गवर्नेंस की जरूरत है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सूरी की राजनीतिक विचारधारा के विपरीत वह हाई रिस्क टारगेट था और सरकार को उसकी सुरक्षा को लेकर अधिक सावधान रहने की जरूरत थी। उसकी हत्या ने पंजाब में डर का माहौल पैदा कर दिया है और लोगों में भय व्याप्त हो गया है।

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब हालातों को एक बार फिर से काले दौर में नहीं जाने दे सकता। हमने पंजाब को कई लोगों के बलिदान के बाद बचाया है और यह हमारा फर्ज बनता है कि कड़ी मेहनत से हासिल की गई इस शांति को बचा कर रखा जाए।