Punjab Chunav : अमरिंदर सिंह बोले- राष्ट्र की सुरक्षा और पंजाब की प्रगति के लिए बीजेपी से किया गठबंधन

Amarinder Singh

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने उनकी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिअद (संयुक्त) गठबंधन की आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का दावा करते हुए कहा कि दोनों ने राष्ट्र की सुरक्षा और राज्य की प्रगति के लिए गठबंधन किया है।

दरअसल, कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोमवार को दिल्ली में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और शिअद (संयुक्त) के प्रमुख सुखदेव सिंह ढींढसा से मुलाकात की।

मुलाकात के बाद अमरिंदर सिंह ने कहा, “मैं खुश हूं कि राष्ट्र की सुरक्षा, कल्याण और पंजाब की प्रगति के लिए हम साथ हैं।” पूर्व सीएम ने कहा कि वह खुश हैं कि पंजाब का वैभव लौटाने के लक्ष्य से तीनों पार्टियों ने साथ आने का फैसला लिया है।

उन्होंने कहा, “केन्द्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार होने पर, पंजाब डबल इंजन के सहारे समृद्धि और विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ेगा।”

तीनों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे पर जल्दी हो जाएगा समझौता

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि चुनावी घोषणापत्र पर काम चल रहा है और उसमें राज्य के सभी तबके के लोगों की चिंताओं का समाधान शामिल होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि तीनों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे पर जल्दी समझौता हो जाएगा। अमरिंदर सिंह ने आगे कहा कि पार्टी से ऊपर उठकर जीत की संभावनाओं के आधार पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।

बता दें किपंजाब के मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद अमरिंदर सिंह ने हाल ही में कांग्रेस से नाता तोड़ा और अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का गठन किया है।