कुरुक्षेत्र में बदला राजनीतिक समीकरण, कई दिग्गज नेताओं ने दिया सुशील गुप्ता को समर्थन

कुरुक्षेत्र में बदला राजनीतिक समीकरण, कई दिग्गज नेताओं ने दिया सुशील गुप्ता को समर्थन

लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ी हुई है। लगातार नेताओं का पार्टी बदलने का सिलसिला भी जारी है। इस बीच हरियाणा के कुरुक्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। जिसने पिछले 2 दिनों में सभी राजनीतिक समीकरण को बदल दिया है।

इंडिया गठबंधन ने कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर जब से सुशील गुप्ता को कुरुक्षेत्र से अपना उम्मीदवार घोषित किया है, तब से पूरे देश की रुचि इस सीट को लेकर बढ़ गई है। इस बीच स्थानीय नेताओं में भी सुशील गुप्ता पर भरोसा बढ़ता जा रहा है।

दरअसल, हाल ही में हरियाणा सरकार के पूर्व सिंचाई मंत्री नरेंद्र शर्मा आम आदमी पार्टी में शामिल हो गये थे। वहीं कैथल नगर परिषद् की वाइस चेयरपर्सन सीमा वाल्मीकि भी 06 पार्षदों सहित भाजपा का दामन छोड़ AAP में शामिल हो चुकी है।

इसके अलावा सुशील गुप्ता को सरपंचों का भी भरपूर साथ मिल रहा है। शाहबाद ब्लॉक के 76 में से 70 सरपंचों और सीवन ब्लॉक के 40 सरपंचों ने भी डॉ. सुशील गुप्ता को अपना समर्थन दे दिया है।

सरपंचों के द्वारा समर्थन दिए जाने के बाद सुशील गुप्ता ने कहा कि सरकार ने ई-टेंडरिंग ला कर असंवैधानिक तरीक़े से पंचायतों-सरपंचों के अधिकार छीन लिए हैं।

गुप्ता ने सरपंचों को विश्वास दिलाया कि वे सरपंचों को उनका हक़ दिलाकर रहेंगे, चाहे इसके लिए उन्हें राज्य सरकार के ख़िलाफ़ जाना पड़े या केंद्र के ख़िलाफ़।

इतना ही नहीं भाजपा के अलावा जेजेपी के भी दिग्गज नेताओं ने सुशील गुप्ता का समर्थन किया है। मंगलवार को गुहला से जेजेपी के विधायक ईश्वर सिंह के बेटे रणधीर सिंह ने भी INDIA गठबंधन को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है।

जिसके बाद पूरे कुरुक्षेत्र का राजनीतिक माहौल बदल गया है। गौरतलब है कि जब पिछले दिनों संजय सिंह कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट के दौरे पर थे तो उन्होंने कहा था कि “कलियुग के इस धर्म युद्ध में पूरा कुरुक्षेत्र हमारा साथ दे रहा है।

कुरुक्षेत्र की जनता ने मन बना लिया है, कौरवों की तरह राज करने वाली भाजपा को इस बार हराना है। हालांकि, सुशील गुप्ता लगातार समाज के हर स्तंभ के लोगों से जाकर मुलाक़ात कर रहे हैं और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुन रहे हैं।

कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर 25 मई को मतदान होना है। एक ओर जहां आम आदमी पार्टी ने सुशील गुप्ता को मैदान में उतारा है तो वहीं भाजपा ने नवीन जिंदल को उम्मीदवार बनाया है।