PM मोदी ने की वर्चुअल रैली, बोले- 5 साल पहले UP में बेटी घर से निकलने में घबराती थी और व्यापारी लुटे जाते थे…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली वर्चुअली चुनावी रैली में योगी सरकार की उपलब्धियां और योजनाएं गिनाईं। इसके साथ ही विपक्ष पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत और गौतमबुद्ध नगर की 21 विधानसभा क्षेत्रों की जनता को वर्चुअली संबोधित कर पार्टी प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भाजपा प्रदेश मुख्यालय में स्थापित वर्चुअल स्टूडियो से रैली में शामिल रहे। पीएम को सुनने के लिए नोएडा समेत तमाम जिलों में काफी संख्या में भाजपा समर्थक मौजूद रहे। जानिए क्या बोले पीएम…

पीएम ने कहा कि कोई भूल नहीं सकता है कि यूपी को लेकर क्या चर्चा होती थी। पांच साल पहले दबंग और दंगाई ही कानून चलाते थे। उनका ही शासन चलता था। बेटियां घर से बाहर निकलने में डरती थीं। माफिया सरकारी संरक्षण में घूमते थे। पश्चिमी यूपी के लोग कभी नहीं भूल सकते कि जब दंगे हो रहे थे तो तत्कालीन सरकार जश्न मना रही थी।

लोगों के पलायन की आए दिन खबर आती थीं। अपहरण, फिरौती की घटनाओं ने लोगों को बर्बाद करके रख दिया था। पांच साल में योगी सरकार यूपी को इन हालातों से बाहर निकालकर लाई है। मैं भी एक राज्य का मुख्यमंत्री रहा हूं। आज यूपी का किसान हो, कर्मचारी हो व्यापारी हो या फिर माताएं और बेटियां, सभी को सम्मान मिल रहा है।

पीएम बोले, मैं ये देखकर खुश हूं कि लोग इन दंगाई सोच के लोगों से काफी सतर्क हैं। जनता इन लोगों के वो दिन वापस नहीं लाना चाहती। जनता ने ये ठान लिया है कि भाजपा को पहले से ज्यादा मतों से विजयी बनाएंगे। हमारा काम और उनके कारनामे देखकर यूपी की जनता भाजपा को भरपूर साथ देने जा रही है। जो मतदाता पहली बार वोट डालने जा रहे हैं उन्होंने निर्णय कर लिया है कि यूपी को फिर से दंगाइयों के हवाले नहीं करना है।

नोएडा से जुड़े अंधविश्वास को लेकर पीएम ने विरोधियों पर हमला बोलते हुए कहा, वो नेता जो नोएडा आने से डरते हैं, वैज्ञानिकों पर भरोसा नहीं करते वो युवाओं और यूपी का विकास नहीं कर सकते।

यूपी को विकास पथ पर ले जाने का काम भाजपा ही कर रही है और भाजपा ही कर सकती है। यूपी में विकास के पांच साल में जो काम हुए हैं उनके पीछे युवाओं के सपने हैं।

बीते वर्षों में जो भी योजनाएं भाजपा सरकार ने लागू की हैं, उनका सभी को लाभ मिला है। ऐसा ही भारत बाबा साहब भीमराव आंबेडकर देखना चाहते थे। ऐसा ही सपना चौधरी चरण सिंह जी देखते थे।

गरीबों की भाजपा सरकार ने कैसे काम किया है उसका उदाहरण गरीबों के पक्के घर हैं, पिछली सरकार ने पांच साल में 73 घर बनाए थे। 

जब दंगे हो रहे थे तो वो लोग जश्न मना रहे थे, ऐसे दंगाइयों को जनता सत्ता में आने नहीं देगी।

यूपी सरकार जो भी कर रही है उसका सबसे ज्यादा लाभ दलितों पिछड़ों और वंचितों को हो रहा है। माताओं और बेटियों को सरकार की योजनाओं का सबसे अधिक लाभ मिल रहा है।

तीन तलाक पर कानून बनाकर सरकार ने मुस्लिम बेटियों को उनका हक दिया है। उनके सपने पूरे करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

यूपी के 15 करोड़ नागरिकों को सरकार मुफ्त राशन उपलब्ध करा रही है। ये वही यूपी है जहां पहले गरीबों का राशन चोरी हो जाता था। आज राशन का एक-एक दाना लोगों तक पहुंच रहा है।

जब दिल में सेवा की भावना हो तो भ्रष्टाचार पास में भटक नहीं सकता है।

डबल इंजन सरकार का यही लक्ष्य है कि लूट बंद हो। यूपी के छोटे किसानों के बैंक अकाउंट में सीधे मदद पहुंचे।

पीएम किसान सम्मान निधि से 43 हजार करोड़ किसानों को सीधे उनके खाते में मिले हैं। अब समय आ गया है कि हमें छोटे किसानों की ज्यादा चिंता करने की जरूरत है। छोटे किसान ही हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं।

सरकार ने कामधेनु आयोग बनाया है। जानवरों को रोगों से बचाने के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है। 

यूपी में बनाए जा रहे बायोगैस प्लांट बेसहारा पशुओं की दिक्कत को कम करेंगे।

हमने लक्ष्य रखा था कि एमएसपी पर रिकॉर्ड खरीद करेंगे। बीते पांच सालों में सरकार ने लक्ष्य को पूरा किया है।

2017 से पहले जो सरकार थी वो कागजों पर परियोजनाएं चलाती थी। ये लोग सालों तक परियोजनाओं को खींचते। इसके पीछे उनका मकसद कमाई करना होता था।

अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए पीएम ने कहा कि- मैंने सुना है कि कुछ लोगों को सपने आते हैं…सपने उनको आते हैं जो सोते रहते हैं।

एक तरफ भाजपा है जिसके पास विकास का विजन है। वहीं दूसरी तरफ अहंकार से भरे लोग सत्ता पाने का सपना देख रहे हैं। ये नकली समाजवादी हैं। विजन के नाम पर इनके पास विरोध है। 

महामारी को लेकर जब दुनिया की चर्चा होती थी तो लोग कहते कि भारत का क्या होगा और जब भारत की चर्चा होती थी तो कहा जाता था कि यूपी का क्या होगा, लेकिन योगी जी दिन रात एक करके लोगों की सेवा में जुटे रहे।

इस चुनाव में भारी मात्रा में मतदान कीजिए। अपनी संतानों के भविष्य के लिए मतदान कीजिए। गांव और गरीब के लिए मतदान कीजिए। एक-एक वोट महत्वपूर्ण है जो यूपी को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।