PM मोदी का 72वां जन्मदिन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और अमित शाह समेत कई नेताओं ने दी बधाई

pm modi birthday

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 72वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके जन्मदिन पर कई नेताओं एवं गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु , केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समेत कई नेताओं ने पीएम को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पीएम मोदी को 72वें जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि आप के द्वारा अतुलनीय परिश्रम, कर्तव्यनिष्ठा और सृजनशीलता के साथ किया जा रहा राष्ट्रनिर्माण का अभियान, आप के नेतृत्व में आगे बढ़ता रहे। मेरी शुभेच्छा है कि ईश्वर आपको स्वस्थ और दीर्घायु बनाए।

अमित शाह ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए ट्वीट कर लिखा, “देश के सर्वप्रिय नेता व हम सभी के प्रेरणास्त्रोत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देता हूँ और ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूँ। मोदी जी ने अपनी भारत प्रथम की सोच व गरीब कल्याण के संकल्प से असंभव कार्यों को संभव करके दिखाया है।”

सीएम योगी ने ट्वीट में लिखा, “एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के शिल्पी, ‘अंत्योदय’ हेतु राष्ट्र आराधना में सतत रत, यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई! प्रभु राम माँ भारती के परम उपासक आदरणीय प्रधानमंत्री को दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें।”

वहीं, हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर ने अपने संदेश में लिखा है, “देवभूमि हिमाचल की ओर से परिश्रमी और ऊर्जावान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।आपके सशक्त एवं मजबूत नेतृत्व में भारत नई ऊंचाईयों को छू रहा है। प्रधानमंत्री जी, आप स्वस्थ और दीर्घायु रहें, देवी-देवताओं से यही कामना करता हूं।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने ट्वीट कर लिखा, “भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री, श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।उन्होंने अपने नेतृत्व से देश में प्रगति और सुशासन को अभूतपूर्व मजबूती दी है और पूरे विश्व में भारत की प्रतिष्ठा और स्वाभिमान को नई ऊंचाई दी है। ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखें और दीर्घायु करें।”

इसके अलावा पीएम के जन्मदिन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “प्रधानमंत्री… भारत के लिए भगवान का वरदान है, यह मैं इसलिए कह रहा हूं क्योंकि जन्म लेने के बाद से ही उन्होंने अपना पूरा जीवन देश के लिए समर्पित कर दिया। PM बड़े फैसले लेते हैं।”