क्या फिर होगा ‘खेला’?, एक ही फ्लाइट में नीतीश-तेजस्वी साथ जा रहे दिल्ली

क्या फिर होगा 'खेला'?, एक ही फ्लाइट में नीतीश-तेजस्वी साथ जा रहे दिल्ली

लोकसभा चुनाव की मतगणना पूरी हो गई है। सभी सीटों पर नतीजें भी आ गए हैं। नतीजों में एनडीए को बहुमत मिल रहा है। वहीं, इंडिया गठबंधन ने भी कड़ी टक्कर दी है। एनडीए को जहां 292 सीटें मिली हैं। इंडिया गठबंधन को भी 234 सीटों पर जीत मिली है। ऐसे में एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों ही दिल्ली में बैठक करने जा रहे हैं। वहीं बिहार में 40 सीटों में से एनडीए को 30 सीटों पर जीत मिली है। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी JDU को 12 सीटों पर सफलता मिली है।

तेजस्वी और नीतीश कुमार दिखे साथ

इसी बीच नीतीश कुमार एनडीए की बैठक में शामिल होने दिल्ली जा रहे हैं। वहीं, तेजस्वी यादव भी इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होने दिल्ली जा रहे हैं। इसमें सबसे खास बात यह है कि नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव पटना से एक ही फ्लाइट से दिल्ली रवाना हुए हैं। जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव सुबह 10:40 बजे विस्तारा की फ्लाइट UK-718 से दिल्ली में NDA और INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल होने दिल्ली गए हैं।

किंगमेकर की भूमिका में नीतीश कुमार

बता दें कि भाजपा को अपने दम पर बहुमत नहीं मिला है। हालांकि, एनडीए को बहुमत मिलता दिख रहा है। लेकिन नीतीश कुमार पहले भी पाला बदल चुके हैं। ऐसे में उनको अब किंगमेकर की भूमिका में देखा जा रहा है। नीतीश कुमार फिलहाल एनडीए में है। वहीं, नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के एक साथ एक ही विमान से दिल्ली जाने के बाद देश की राजनीति में कई कयास लगाने शुरू हो गए हैं।