NEET UG 2022 के परिणाम घोषित, नारनौल की बेटी तनिष्का ने पूरे देश में किया टॉप, 720 में से 715 अंक किए प्राप्त

NEET UG Topper tanishka

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA ) ने देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2022 का परिणाम जारी किया। बुधवार देर रात आए नतीजों के मुताबिक, राजस्थान के कोटा शहर की छात्रा तनिष्का ने पूरे देश में टॉप किया है।

तनिष्का मूलरूप से हरियाणा की रहने वाली है और दो साल कोटा में रहकर नीट यूजी की तैयारी कर रही थी। तनिष्का ने 720 में से 715 अंक प्राप्त किए हैं। तनिष्का की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है।

आपको बता दें कि तनिष्का नारनौल के गांव मिर्जापुर बाछोद की रहने वाली हैं। उसकी दसवीं तक की पढ़ाई नारनौल के यदुवंशी शिक्षा निकेतन में हुई। इसके बाद 12वीं तक की पढ़ाई उन्होंने राजस्थान के कोटा शहर में रहकर की। तनिष्का के माता-पिता यही गांव में रहते हैं और दोनों ही सरकारी अध्यापक के रूप में कार्यरत हैं।

तनिष्का ने बताया कि वह पढ़ाई के लिए कोई विशेष समय नहीं निकालती थी, लेकिन उन्होंने नीट की तैयारी दसवीं से ही शुरू कर दी थी। तनिष्का ने बताया कि अगर पूरी लगन और मेहनत से किसी की तैयारी की जाए तो सफलता पाना कोई मुश्किल बात नहीं है।

वहीं, अपनी सफलता का रहस्य बताते हुए तनिष्का ने कहा कि नीट की तैयारी के दौरान कभी टेस्ट में मार्क्स कम आते थे तो पेरेन्ट्स मोटिवेट करते थे। उन्होंने कभी मार्क्स के लिए दबाव नहीं डाला और पॉजिटिविटी के साथ तैयारी करते रहने के लिए मोटिवेट किया। मैं कोचिंग के अलावा रोजाना 6-7 घंटे सेल्फ स्टडी करती थी।