भाजपा की नवीनतम सूची में हरियाणा से चार उम्मीदवारों के नाम, सभी 10 सीट के लिए उम्मीदवार घोषित

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को अपने उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी की जिसमें हरियाणा की चार सीट के उम्मीदवारों के नाम भी शामिल हैं।

भाजपा ने रविवार को ही पार्टी में शामिल हुए उद्योगपति नवीन जिंदल और रणजीत सिंह चौटाला को टिकट दिया है। इसी के साथ पार्टी ने हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।

भाजपा उम्मीदवारों की नवीनतम सूची के अनुसार कुरूक्षेत्र से नवीन जिंदल को, हिसार से रणजीत चौटाला को, सोनीपत से मोहन लाल बडौली को और रोहतक से अरविंद कुमार शर्मा को मैदान में उतारा गया है।

उद्योगपति और पूर्व कांग्रेस सांसद जिंदल और हरियाणा से निर्दलीय विधायक रणजीत चौटाला रविवार को ही भाजपा में शामिल हुए। जिंदल ने 2004 से 2014 तक कांग्रेस सांसद के रूप में लोकसभा में कुरुक्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।

चौटाला (78) हरियाणा के सिरसा में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा में शामिल हुए। वह भाजपा के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार में मंत्री हैं। वह पूर्व उपप्रधानमंत्री देवीलाल के बेटे और इंडियन नेशनल लोकदल प्रमुख और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के भाई हैं।

निवर्तमान लोकसभा में हिसार से भाजपा सांसद रहे बृजेंद्र सिंह ने हाल ही में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और लोकसभा से इस्तीफा दे दिया था और कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

हरियाणा की 10 संसदीय सीट में से सोनीपत, करनाल और सिरसा सीट के मौजूदा सांसदों को दोबारा टिकट नहीं दिया गया है।