Modi Cabinet Reshuffle: देखने को मिल सकता है मोदी मंत्रिपरिषद में बड़ा फेरबदल! कई की छुट्टी तो कुछ नए चेहरों की होगी एंट्री

इस साल के विधानसभा चुनावों और अगले साल लोकसभा की रणनीति के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की तैयारियों में जुटी है। दूसरी तरफ, इसी महीने केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल की अटकलों को भी बल मिल रहा है। मंत्रियों के प्रदर्शन और सत्तारूढ़ पार्टी की राजनीतिक जरूरतों के कारण यह बदलाव होने की संभावना है।

बता दें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने दूसरे कार्यकाल में जुलाई 2021 में केवल एक बार अपनी मंत्रिपरिषद में फेरबदल किया है, जबकि अपने पहले कार्यकाल में उन्होंने तीन बार अपनी मंत्रिपरिषद में फेरबदल और विस्तार किया था। हालांकि, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों ने कहा कि यह फेरबदल 31 जनवरी को संसद का बजट सत्र शुरू होने से पहले किसी भी दिन हो सकता है। भाजपा कार्यकारिणी की बैठक 16-17 जनवरी को दिल्ली में होनी है।

माना जा रहा है कि गुजरात विधानसभा चुनाव में पार्टी की शानदार जीत और हिमाचल प्रदेश विधानसभा एवं दिल्ली नगर निगम चुनावों में हार से मिले सबक का असर इस फेरबदल में दिख सकता है। साथ ही कर्नाटक, राजस्थान और छत्तीसगढ़ जैसे चुनावी राज्यों में राजनीतिक जरूरतों के अनुसार भी इस मंत्रिपरिषद में फेरबदल हो सकता है।