बीजेपी झूठ की फैक्ट्री का मेक इन इंडिया प्रोडक्ट: मलविंदर सिंह कंग

बीजेपी झूठ की फैक्ट्री का मेक इन इंडिया प्रोडक्ट: मलविंदर सिंह कंग

भाजपा के पंजाब प्रधान सुनील जाखड़ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी(आप) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि सुनील जाखड़ ने गणतंत्र दिवस झांकी को लेकर झूठ बोला है।

झांकी में मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल की कहीं कोई फोटो नहीं है। जाखड़ का बयान कि पिछले मुख्यमंत्रियों ने इस पर कभी सवाल खड़ा नहीं किया, इसपर कंग ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह और बादल पंजाब की विरासत को लेकर गंभीर नहीं थे।

लेकिन वर्तमान मुख्यमंत्री भगवंत मान को पंजाब की संस्कृति और विरासत की चिंता है। जाखड़ का बयान था कि झांकी से पंजाब का मजाक बन जाता इसपर कंग ने सवाल करते हुए कहा कि देश के लिए जान देने वाले भगत सिंह और करतार सिंह सराभा जैसे शहीदों की झांकी दिखाने से मजाक कैसे बन जाता?

कंग ने कहा कि देश का मजाक अंग्रेजों से माफी मांगने वाले सावरकर जैसे लोगों से बनता है। शहीद भगत सिंह और सराभा जैसे लोगों से नहीं।

कंग ने कहा कि भाजपा वह पार्टी है जो आजादी की लड़ाई के समय अंग्रेजों के साथ थी और उसकी मातृसंस्था आरएसएस ने कई सालों तक तिरंगे झंडे को नहीं माना। ये बातें शायद सुनील जाखड़ को याद नहीं है क्योंकि वह अभी नए-नए भाजपा में आए हैं।

कंग ने कहा कि इतने बड़े इवेंट में पंजाब के साथ 2 बार भेदभाव किया गया, जबकि पंजाबियों ने देश के लिए सबसे ज्यादा शहादतें दी है। देश की आजादी के लिए भी और आजादी के बाद भी। फिर भी पंजाब के साथ भेदभाव से पता लग रहा है कि भाजपा की असली मंशा क्या है।

कंग ने कहा कि इस बार की झांकी बिल्कुल ही अलग थी। एक में नारी शक्ति के रूप में माई भागो का कॉन्सेप्ट था। दूसरा था पंजाब की संस्कृति से संबंधित और तीसरा शहीदों के उपर था।

कंग ने कहा कि देश को पंजाब पर और शहीद भगत सिंह व करतार सिंह सराभा जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों पर गर्व है लेकिन बीजेपी को नहीं है क्योंकि भाजपा के आइकन भगत सिंह जैसे लोग नहीं, माफी वीर सावरकर जैसे लोग हैं।