मॉस्को में बड़ा आतंकी हमला, 60 की मौत, 145 से ज्यादा घायल

रूस की राजधानी मॉस्को में आतंकवादी हमला हुआ है। हमले में 60 लोगों की मौत और करीब 145 से ज्यादा लोग घायल होने की खबर है। रूसी मीडिया के मुताबिक, मॉस्को के पास क्रोकस सिटी हॉल में कॉन्सर्ट के दौरान आतंकवादियों ने लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। आतंकियों ने विस्फोटक से हॉल में धमाका भी किया, जिससे वहां आग लग गई।

वहीं, हमले के बाद विशेष पुलिस बल ने मोर्चा संभाला। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पांच बंदूकधारियों ने एक साथ लोगों पर फायरिंग शुरू की दी, जिसमें कम से कम 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। पुलिस की टीमें लोगों को निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुट रही। जबकि रूस ने गोलीबारी की घटना को आतंकवादी हमला करार दिया है।

रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह एक आतंकवादी हमला है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस घृणित अपराध की निंदा करनी चाहिए।

मॉस्को के मेयर ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए बताया कि मॉस्को में होने वाले सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। रूसी एजेंसियों ने मॉस्को में हवाई अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी है।

वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने मॉस्को में हुए आतंकी हमले को भयानक बताया। रूस की राजधानी मॉस्को में क्रोकस सिटी हॉल पर हुए इस आतंकी हमले की इस्लामिक स्टेट ने जिम्मेदारी ली है। आतंकी संगठन ने आमाक न्यूज एजेंसी के जरिए बयान जारी किया।