Maharashtra: डोम्बिवली में चार मंजिला इमारत गिरी, दो लोगों की मौत

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोम्बिवली इलाके में शुक्रवार को चार मंजिला रिहायशी इमारत गिरने के बाद दो पुरुषों की मौत हो गयी और एक महिला को मलबे से जीवित निकाला गया। नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि प्राधिकारियों ने पहले ही इमारत को ‘‘जर्जर और खतरनाक’’ घोषित किया हुआ था।

उन्होंने बताया कि कल्याण डोम्बिवली नगर निगम (केडीएमसी) के अधिकार क्षेत्र में आने वाले आयरे गांव में स्थित ‘आदिनारायण भवन’ शाम को ढह गया। इमारत में 44 मकान थे और इसका कुछ हिस्सा गिरने के बाद बृहस्पतिवार से ही इसे खाली कराया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम करीब पांच बजकर 40 मिनट पर इमारत गिर गयी और खोज एवं बचाव दलों ने कुछ समय बाद मलबे से सूरज बिरजा लोद्या (55) का शव निकाला। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रात करीब सवा नौ बजे 54 वर्षीय दीप्ति सुनील लोद्या को मलबे से जीवित निकाला गया और उसे एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने आगे बताया कि बाद में मलबे से अरविंद भटकर (70) नामक एक व्यक्ति का शव भी निकाला गया। बचाव अभियान अभी चलाया जा रहा है क्योंकि एक और व्यक्ति के मलबे में दबे होने की आशंका है।