जम्मू-कश्मीर: भारी बारिश के कारण कई जगहों पर हुआ भूस्खलन, 270 किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में रातभर बारिश के कारण कई जगहों पर हुए भूस्खलन की वजह से 270 किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग रविवार को बंद कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि कैफेटेरिया और मेहद पर पहाड़ों से पत्थर गिरने और भूस्खलन होने के कारण यातायात रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि भूस्खलन की ताजा घटनाएं रातभर बारिश के कारण हुईं। अधिकारियों के मुताबिक, राजमार्ग पर यातायात की बहाली के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

रविवार सुबह साढ़े आठ बजे खत्म हुई 24 घंटे की अवधि में जम्मू में 95.7 मिलीमीटर, ऊधमपुर में 92.6 मिलीमीटर और कठुआ में 42 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, कटरा में 14 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग ने केंद्र-शासित क्षेत्र में अगले 48 घंटे तक कई जगहों पर बारिश होने की आशंका जताई है।

Latest India News