लोकसभा चुनाव को लेकर जननायक जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की प्रथम सूची जारी कर दी है। जननायक जनता पार्टी ने पहली लिस्ट में अपने 5 प्रत्याशियों की घोषणा की है।
सिरसा लोकसभा से पूर्व विधायक रमेश खटक चुनाव लड़ेंगे। हिसार से विधायक नैना सिंह चौटाला प्रत्याशी होंगी। जेजेपी ने भिवानी-महेंद्रगढ़ से पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है।
गुरुग्राम से मशहूर कलाकार राहुल यादव फाजिलपुरिया उम्मीदवार होंगे। फरीदाबाद में जेजेपी के युवा नेता नलिन हुड्डा चुनाव लड़ेंगे।
रमेश खटक, सिरसा
रमेश खटक साल 1991, 1996 और 2000 में बरोदा से विधायक रहे हैं। रमेश खटक जेजेपी के वरिष्ठ नेता एवं अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष हैं।
नैना सिंह चौटाला, हिसार
नैना चौटाला प्रमुख जेजेपी नेत्री हैं। फिलहाल बाढड़ा विधानसभा से विधायक हैं। इससे पहले वे डबवाली विधानसभा से भी विधायक रह चुकी हैं। नैना चौटाला ने महिलाओं को राजनीति के प्रति जागरूक करने के लक्ष्य से “हरी चुनरी चौपाल” के सफल कार्यक्रम प्रदेशभर में किए हैं।
नैना चौटाला की मांग पर हरियाणा में महिलाओं को पंचायती संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण, राशन डिपो में 33 प्रतिशत हिस्सेदारी मिलने जैसे अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।
राव बहादुर सिंह, भिवानी-महेंद्रगढ़
राव बहादुर सिंह जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला की जन आक्रोश यात्रा के दौरान के पुराने साथी रहे हैं। वे 2009 में नांगल चौधरी से विधायक रहे हैं। साल 2014 में राव बहादुर भिवानी-महेन्द्रगढ़ लोकसभा से चुनाव लड़कर दूसरे नंबर रहे।
राहुल यादव फाजिलपुरिया, गुरुग्राम
फाजिलपुरिया बॉलीवुड के स्टार सिंगर हैं। राहुल गुरूग्राम के एक छोटे-से गांव फाजिलपुर झाड़सा से निकल कर बड़े पर्दे पर छाए हैं। वे निरंतर जेजेपी में सक्रिय तौर पर राजनीति कर रहे हैं।
नलिन हुड्डा, फरीदाबाद
नलिन हुड्डा फरीदाबाद से जेजेपी के युवा जिला अध्यक्ष हैं। नलिन हुड्डा फरीदाबाद में कई सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हैं।