Jawaharlal Nehru Birth Anniversary: सोनिया गांधी और खड़गे ने पंडित नेहरू को दी श्रद्धांजलि, PM मोदी ने ट्वीट कर कही ये बात

Nehru Birth Anniversary

कांग्रेस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर सोमवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और देश के लिए उनके योगदान को याद किया।

कांग्रेस ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि 2014 के बाद ही नेहरू की प्रासंगिकता बढ़ी है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने ‘शांतिवन’ पहुंचकर देश के प्रथम प्रधानमंत्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

पीएम मोदी ने ट्वीट कर जवाहरलाल नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने ट्वीट में लिखा, “हमारे पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि। हम राष्ट्र के लिए उनके योगदान को भी याद करते हैं।”

वहीं, मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट किया, “पंडित नेहरू- आधुनिक भारत के निर्माता। 21वीं सदी की कल्पना उनके असीम योगदान को याद किये बिना नहीं की जा सकती।”

उन्होंने कहा, “वह लोकतंत्र के पैरोकार थे। उनके प्रगतिशील विचारों ने चुनौतियों के बावजूद भारत के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास को मजबूत बनाया। एक सच्चे देशभक्त को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।”

गौरतलब है कि देश के पहले प्रधानमंत्री नेहरू का जन्म 1889 में हुआ था और वह कांग्रेस के एक प्रमुख नेता व स्वतंत्रता सेनानी थे। 1964 में प्रधानमंत्री के पद पर रहने के दौरान उनका निधन हो गया था। नेहरू के नाम भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे लंबे समय तक काम करने का रिकॉर्ड दर्ज है।