जम्मू-कश्मीर: पुंछ में दुर्घटनावश चली गोली, सेना का एक जवान घायल

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास दुर्घटनावश सर्विस राइफल से गोली चल जाने से भारतीय सेना का एक जवान घायल हो गया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह हादसा बुधवार रात में हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि मेंढर सेक्टर के बलनोई इलाके में यह जवान एक गश्ती दल का हिस्सा था। उसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह फिसल गया और उसकी सर्विस राइफल से गोली चल गई। उसका बायां पैर जख्मी हो गया ,जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस बीच अधिकारियों ने कहा कि बुधवार शाम को बलनोई में सीमा पर तारबंदी के पास एक जंग लगे हथगोले को नष्ट कर दिया गया। सेना को गश्त के दौरान हथगोला बरामद हुआ था। उन्होंने बताया कि बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया और विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया।