जालंधर उपचुनाव: जालंधर लोकसभा सीट पर मतदान जारी, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए विशेष सुविधा

जालंधर लोकसभा सीट पर आज उपचुनाव हो रहा है। इस उपचुनाव पर तमाम पार्टियां अपनी-अपनी ताकत दिखा रही हैं। जालंधर उपचुनाव के चुनावी मैदान में 19 उम्मीदवार अपनी किस्मत अजमा रहे हैं। इस उपचुनाव में महिलाओं और बुजुर्गों के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध है। महिलाओं के लिए जहां अलग से विशेष मतदान केंद्र बनाया गया है तो वहीं बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप और व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध है।

जालंधर के पूर्व सांसद दिवंगत संतोख सिंह चौधरी की पत्नी और कांग्रेस प्रत्याशी करमजीत कौर चौधरी ने भी जालंधर उपचुनाव में वोट डाला है इस दौरान उन्होंने कहा कि, ” मुझे पूरी उम्मीद है कि हमें रास्ता भी मिलेगा और मंजिल भी”। गौरतलब हो कि जालंधर के पूर्व सांसद दिवंगत संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद इस लोकसभा सीट पर आज उपचुनाव हो रहा है जिसका नतीजा 13 मई को घोषित किया जाएगा। इस उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है ताजा जानकारी के अनुसार सुबह 11 बजे तक 17.43 फीसदी मतदान हो चुका है।