इजरायल का उत्तरी गाजा को खाली करने का आदेश ‘अत्यधिक खतरनाक’-गुतारेस

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने कहा कि इजराइल का उत्तरी गाजा में करीब 11 लाख लोगों को 24 घंटे के भीतर वहां से चले जाने की चेतावनी देना ‘‘अत्यधिक खतरनाक’’ और ‘‘कतई संभव नहीं’’ है। उन्होंने कहा कि युद्ध के भी कुछ नियम होते हैं।

गाजा में संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों को बृहस्पतिवार को इजराइली सेना में उनके संपर्क अधिकारियों ने सूचना दी कि उत्तरी गाजा की तकरीबन 11 लाख आबादी को अगले 24 घंटे के भीतर दक्षिणी हिस्से में चले जाना चाहिए।

यह आदेश संयुक्त राष्ट्र के सभी कर्मियों और उन लोगों पर भी लागू होता है, जिन्होंने स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और क्लीनिक समेत संयुक्त राष्ट्र केंद्रों में शरण ली हुई है।

गुतारेस ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘घनी आबादी वाले युद्ध क्षेत्र में 10 लाख से अधिक लोगों का ऐसे स्थान पर जाना जहां न भोजन है, न पानी और न ही रहने की जगह और जहां पूर्ण नाकाबंदी है, अत्यधिक खतरनाक और कुछ मामलों में तो बिल्कुल भी संभव नहीं है।’’