IPL 2022: इस बार टूर्नामेंट में 8 की जगह खेलेंगी 10 टीमें, जाने कौन से खिलाड़ी संभाल रहे टीमों की कमान!

IPL 2022: इस बार IPL का ऑक्शन 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होगा। आईपीएल में इस बार दो और टीमें शामिल की गई हैं, जिसके बाद ये टूर्नामेंट अब 10 टीमों के बीच खेला जाएगा। इन 10 में से 8 टीमों के कप्तान लगभग तय हो चुके हैं, जबकि दो टीमें अभी भी अपना कप्तान तय नहीं कर पाई है।

मुंबई इंडियंस- इस बार भी ये टीम रोहित शर्मा की कप्तानी में खेल सकती है। रोहित शर्मा 2013 के सीजन से मुंबई की कप्तानी कर रहे हैं और पांचों बार उनके नेतृत्व में मुंबई आईपीएल की ट्रॉफी पर कब्जा की है। मुंबई ने रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और कीरोन पोलार्ड को रिटेन किया है।

चेन्नई सुपर किंग्स- आईपीएल के पहले सीजन से चेन्नई की कमान संभाल रहे धोनी इस बार भी टीम का नेतृ्त्व करते दिख सकते हैं। टीम ने धोनी, रवींद्र जडेजा, मोईन अली, ऋतुराज गायकवाड़ को रिटेन किया है।

राजस्थान रॉयल्स- इस बार टीम ने संजू सैमसन, जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल को रिटेन किया है। संजू सैमसन ने 2021 में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी की थी और अब एक बार फिर वह टीम की कमान संभालते नजर आ सकते हैं।

पंजाब किंग्स- इस बार किंग्स ने सिर्फ दो खिलाड़ियों को रिटेन किया है। टीम ने मयंक अग्रवाल और अर्शदीप सिंह को बरकरार रखा है। पिछले सीजन में टीम की कमान संभालने वाले केएल राहुल को रिलीज कर दिया गया है। तो इस बार ये तय है कि ये टीम इस बार नए कप्तान के साथ मैदान में उतरेगी।

कोलकाता नाइट राइडर्स- KKR ने आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती और वेंकटेश अय्यर को रिटेन किया। इस बार टीम ने अभी तक अपने कप्तान का ऐलान नहीं किया है। केकेआर की कप्तानी इयोन मॉर्गन करते थे, लेकिन उन्हें रिलीज कर दिया गया है। अब देखना होगा कि केकेआर ये जिम्मेदारी किसे सौंपती है।

सनराइजर्स हैदराबाद- SRH ने केन विलियमसन, अब्दुल समद और उमरान मलिक को रिटेन किया है। माना जा रहा है कि केन विलियमसन टीम की कमान संभाल सकते हैं। विलियमसन इससे पहले भी सनराइजर्स की कप्तानी संभाल चुके हैं।

दिल्ली कैपिटल्स- दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, पृथ्वी शॉ और एनरिक नोतर्जे को रिटेन किया है. टीम पिछले सीजन में पंत की कप्तानी में खेली थी. इस बार भी वह युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के नेतृत्व में खेलती हुई दिख सकती है.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलौर: RCB इस आईपीएल में नए कप्तान के साथ खेलेगी। विराट कोहली पिछले कई सीजन से टीम की कप्तानी संभाल रहे थे। उन्होंने आईपीएल-2021 के बाद कप्तानी से हटने का फैसला लिया। आरसीबी ने विराट कोहली, ग्लैन मैक्सवेल और मोहम्मद सिराज को रिटेन किया है। ऐसा माना जा रहा है कि टीम ग्लेन मैक्सवेल को कप्तानी सौंपी सकती है।

अहमदाबाद- अहमदाबाद की टीम पहली बार आईपीएल में शामिल की गई है। टीम ने अपने तीन खिलाड़ियों को चुन लिया है. हार्दिक पांड्या, शुभमन गिल और राशिद खान अहमदाबाद फ्रैंचाइजी से जुड़ गए हैं। हार्दिक पांड्या अहमदाबाद टीम के कप्तान होंगे।

लखनऊ सुपरजॉयन्ट्स- आईपीएल की एक और नई टीम है। फ्रैंचाइजी ने केएल राहुल, रवि बिश्नोई और मार्कस स्टोइनिस को अपने साथ जोड़ा है। राहुल को 17 करोड़ में खरीदा गया है और इसके साथ ही वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी भी बन गए हैं। राहुल लखनऊ टीम की कमान संभालेंगे।