IPL ऑक्शन की फाइनल लिस्ट जारी, 590 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली, इनमें 370 भारतीय और 220 विदेशी

इस साल के IPL का मेगा ऑक्शन 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होगा। मंगलवार को BCCI ने 590 खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की है, जो ऑक्शन का हिस्सा होंगे। इन खिलाड़ियों में 355 अनकैप्ड प्लेयर्स और 228 कैप्ड प्लेयर्स शामिल होंगे।

दो दिन तक चलने वाले इस मेगा ऑक्शन में 10 टीमें हिस्सा लेंगी। वहीं, 7 एसोसिएट देश के खिलाड़ी भी ऑक्शन का हिस्सा होंगे। ऑक्शन में 370 भारतीय और 220 विदेशी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

इस बार टूर्नामेंट में कई बड़े खिलाड़ी हिस्सा नहीं लेंगे। वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस गेल ने अपना नाम ऑक्शन में नहीं दिया है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क, इंग्लैंड के सैम करन, बेन स्टोक्स, जोफ्रा आर्चर, जो रूट, क्रिस वोक्स ने भी ऑक्शन में अपना नाम शामिल नहीं करवाया है।

2 करोड़ के बेस प्राइस में 48 खिलाड़ियों ने खुद को रखा है। वहीं, 20 खिलाड़ियों ने खुद को 1.5 करोड़ के बेस प्राइस में रखा है। अगर 1 करोड़ के बेस प्राइस की बात करें तो इस लिस्ट में 34 खिलाड़ियों के नाम हैं।

IPL 2022 के लिए 33 खिलाड़ियों को रीटेन किया गया है। 8 टीमों ने 27 खिलाड़ियों को रीटेन किया है। वहीं, 2 नई IPL टीमों ने 6 खिलाड़ियों को अपनी टीम के साथ जोड़ा है। केएल राहुल को लखनऊ ने 17 करोड़ में अपनी टीम के साथ जोड़ा है।

साल 2018 के बाद IPL का पहला बड़ा ऑक्शन होने जा रहा है। IPL 2018 के मेगा ऑक्शन में कुल 8 टीमें थी। इस बार 10 टीमें ऑक्शन में हिस्सा लेंगी। 10 टीमों ने मिलकर 33 खिलाड़ियों पर कुल 338 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।

भारत की ओर से 2 करोड़ की बेस प्राइस में रविचंद्रन अश्विन के अलावा, श्रेयस अय्यर, शिखर धवन, इशान किशन, सुरेश रैना के नाम हैं। वहीं, विदेशी खिलाड़ियों में डेविड वार्नर, कगिसो रबाडा, ड्वेन ब्रावो के अलावा पैट कमिंस, एडम जंपा, स्टीव स्मिथ, शाकिब अल हसन, मार्क वुड, ट्रेंट बोल्ट और फाफ डु प्लेसी जैसे बड़े नाम हैं।

1.5 करोड़ की लिस्ट में वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जेसन होल्डर, विकेटकीपर निकोलस पूरन, शिमरोन हेटमायर, राहुल चाहर, आरोन फिंच, इयोन मॉर्गन, जिमी नीशम जैसे नाम शामिल है। चाइनामैन कुलदीप यादव को 1 करोड़ के बेस प्राइस में रखा गया है। मोहम्मद नबी और वानिंदु हसारंगा भी इसी लिस्ट में शामिल है।