हॉकी महिला विश्व कप फाइनल में नीदरलैंड से हारी भारतीय टीम

हॉकी महिला विश्व कप फाइनल में नीदरलैंड से हारी भारतीय टीम

भारतीय महिला हॉकी टीम एफआईएच हॉकी 5 महिला विश्व कप के फाइनल में नीदरलैंड से 2-7 से हारकर उपविजेता रही। भारत के लिए ज्योति छत्री ने 20वें और रूतुजा दादासो पिसाल ने 23वें मिनट में गोल दागे।

नीदरलैंड के लिए यानेके वान डे वेन्ने, बेंते वान डेर वेल्ट और लाना काल्से ने 2-2 गोल दागे। वहीं सोशा बेनिंगा ने एक गोल किया।

एफआईएच हॉकी विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के लिए हॉकी इंडिया ने हर खिलाड़ी को 3 लाख और सहयोगी स्टाफ को 1.5 लाख रूपये पुरस्कार देने का ऐलान किया है।

मैच की शुरूआत से दोनों टीमों ने काफी आक्रामक खेल दिखाया। लेकिन शुरूआती सफलता नीदरलैंड को मिली जब यानेके ने लंबी दूरी से लगाये गए शॉट पर गोलकीपर रजनी इतिमार्पू को छकाकर गोल किया।

इसके 2 मिनट बाद वान डेर वेल्ट ने दूसरा गोल दाग दिया। वेल्ट ने खेल के 8वें मिनट में एक और गोल करके डच टीम का शिकंजा कस दिया।

पहले हाफ से 4 मिनट पहले लाना काल्से ने डच टीम के लिये चौथा गोल दागा और सोशा ने 2 मिनट बाद बढत 5-0 कर दी। पहले हाफ के आखिरी मिनट में यानेके ने एक और गोल किया।

दूसरे हाफ के 5वें मिनट में भारत के लिये ज्योति ने गोल किया और 3 मिनट बाद रूतुजा ने एक गोल दागकर डच टीम की बढत कम की।

इस बीच नीदरलैंड के लिये लाना ने जवाबी हमले पर गोल करके बढत फिर 5 गोल की कर दी। नीदरलैंड को आखिरी मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला जिस पर रजनी ने गोल तो बचा लिया लेकिन हार को नहीं टाल सकी।