भारत-न्यूजीलैंड ODI मैच: भारत ने की शानदार जीत दर्ज, गिल ने जड़ा दोहरा शतक

बुधवार को हैदराबाद में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया। भारत ने पहले मुकाबले में 12 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की। भारत की ओर से शुभमन गिल ने दोहरा शतक जड़ा तो वहीं मोहम्मद सिराज ने 4 विकेट झटके। भारत ने न्यूजीलैंड को 4 साल बाद वनडे में हराया है इससे पहले भारत ने 2019 में न्यूजीलैंड को वेलिंगटन में हराया था।

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शुभमन गिल के दोहरे शतक की बदौलत 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 349 रन बनाए। 350 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 337 रनों पर सिमट गई। न्यूजीलैंड की ओर से माइकल ब्रेसवेल ने सर्वाधिक 78 गेंद पर 140 रनों की तूफानी पारी खेली लेकिन उनकी यह पारी न्यूजीलैंड को जीत नहीं दिला सकी।