IMD Alert: अगले 5 दिनों तक उत्तर भारत में लू चलते रहने का अनुमान, इन राज्यों में हीट वेव का अलर्ट

अभी देश के अधिकांश राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट से जूझ रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि उत्तर पश्चिमी हिस्से व मध्य भारत में अगले 5 दिन तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

IMD ने कहा है कि पश्चिम उत्तर और मध्य भारत में भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं और हीट वेव के कारण लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। IMD ने अगले पांच दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी ने मुताबिक, अगले 5 दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दक्षिण पंजाब, दक्षिण हरियाणा-दिल्ली, मध्य प्रदेश, विदर्भ, बिहार और झारखंड में लू चलने की संभावना है। साथ ही 9 और 10 अप्रैल को तेज हीटवेव का सामना करना पड़ सकता है।

इसके अलावा अगले 3 दिनों तक गुजरात के उत्तरी भागों में हीट वेव का प्रकोप देखने को मिलेगा। वहीं हिमाचल प्रदेश, विदर्भ, बिहार के कुछ हिस्सों, जम्मू क्षेत्र और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति संभव है।

IMD ने देश की कुछ जगहों में बारिश की भी संभावना जताई है। IMD के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान, हिमाचल प्रदेश, असम, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा केरल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। तमिलनाडु, कर्नाटक और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में हल्की बारिश होगी।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। दिल्ली के कुछ इलाकों में पिछले 10 दिनों से हीटवेव चल रही है। अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

मौसम विभाग ने शहर में अगले चार से 7 दिनों तक लू का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र का कहना है कि उत्तर पश्चिम भारत और इससे लगे मध्य भारत के इलाकों में अप्रैल में कहीं अधिक भीषण गर्मी पड़ने और लगातार ‘लू’ चलने के आसार हैं।