‘मैं भाजपा में शामिल हो रहा हूं, आज मेरे नए राजनीतिक करियर की शुरुआत है’- अशोक चव्हाण

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने मंगलवार को कहा कि वह सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होंगे। बता दें कि, चव्हाण ने सोमवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं मुंबई स्थित भाजपा कार्यालय जाकर आज उसमें (भाजपा में) शामिल हो रहा हूं। आज मेरे जीवन के नए राजनीतिक करियर की शुरुआत है।’’ जब चव्हाण से यह पूछा गया कि क्या उन्हें वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने कोई फोन किया, तो उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं मुंबई स्थित कार्यालय में जाकर भाजपा में आधिकारिक तौर पर शामिल हो जाऊंगा। वहां मेरे साथ कुछ नेता भी होंगे। वहां उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा की मुंबई इकाई के प्रमुख आशीष शेलार समेत अन्य लोग होंगे।’’