Himachal Pradesh: तीन साल के बाद से सबसे गर्म दिन रहा मंगलवार…

हिमाचल प्रदेश के शिमला में तीन सालों बाद मंगलवार का दिन सबसे गर्म रहा। साल 2019 में सबसे अधिक तापमान 30.5 डिग्री दर्ज हुआ था। वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री दर्ज हुआ। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में पारा 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

बुधवार को प्रदेश भर में मौसम साफ रहने की संभावना है। गुरुवार से 11 जून तक मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों में बारिश के आसार हैं। मंगलवार को प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। मैदानी जिलों के कई क्षेत्रों में गर्म हवाएं चलने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। दिन के समय मैदानी जिलों में लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

बाजारों में भी दिन के समय सन्नाटा पसरा हुआ है। मैदानी जिलों के साथ पहाड़ी क्षेत्र भी गर्मी से तप रहे हैं। शिमला का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के नजदीक पहुंच गया है। मनाली का पारा 30 डिग्री पार हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने नौ जून से मौसम में बदलाव आने की संभावना जताई है। शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल स्पीति के कई क्षेत्रों में नौ जून से बारिश होने का पूर्वानुमान है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 11 जून तक मौसम साफ रहने की संभावना है।