Himachal Election 2022: अमित शाह ने की चंबा में रैली, बोले- सीएम जयराम के नेतृत्व में हिमाचल ने हर क्षेत्र में विकास किया

हिमाचल में विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रचार की शुरुआत कर दी है। उनकी पहली रैली चंबा के सिन्हुता ग्राउंड में हुई, जहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी विक्रम चौहान के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए चंबा के लोगों से भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की।

इस दौरान अमित शाह ने कहा कि चुनाव में भाजपा को विजयी बनाकर लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के हाथों को मजबूत करने में अपना योगदान दें।

केंद्र और राज्य सरकार ने बिना किसी भेदभाव के कार्य संस्कृति को बढ़ावा दिया है। योजनाओं से हर वर्ग को लाभ पहुंचाया है। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नई कार्यशैली को जन्म दिया है। उनके नेतृत्व में देश और प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। अर्थव्यवस्था में सुधार होगा तो हिमालय राज्य में उसकी अहम भूमिका होगी और हिमाचल को इसके लिए याद किया जाएगा।

चंबा रैली में अमित शाह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की पीठ थपथपाते हुए कहा कि उनके मजबूत नेतृत्व में हिमाचल ने हर क्षेत्र में विकास किया है। उसके प्रयासों से हर वर्ग को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है।