Himachal Congress को लगा एक और झटका, कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष हर्ष महाजन हुए BJP में शामिल…

हिमाचल कांग्रेस को भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर झटका दे दिया है, हिमाचल कांग्रेस के एक और कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष हर्ष महाजन ने भारतीय जनता पार्टी का हाथ थाम लिया है। हर्ष केंद्रीय उद्योग और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में बुधवार को नई दिल्ली में BJP में शामिल हो गए हैं। उन्होंने राजधानी में ही BJP की सदस्यता ली है। बता दें कि इससे पहले कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष विधायक पवन काजल भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

हर्ष महाजन पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के विशेष सलाहकार और रणनीतिकार रह चुके हैं। हर्ष तीन बार चंबा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं। वीरभद्र सरकार में पशुपालन मंत्री भी रहे। वह राज्य सहकारी बैंक के चेयरमैन भी रह चुके हैं। इस बार संभावना जताई जा रही है कि भाजपा उन्हें चंबा से चुनाव मैदान में उतारे। एनएसयूआई से राजनीति में आए हर्ष युवा कांग्रेस में भी सक्रिय रहे हैं। बीते चुनाव में उन्होंने अर्की में वीरभद्र के लिए चुनाव प्रबंधन किया था। भाजपा को ज्वाइन करने के बाद हर्ष ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से भी भेंट की।