Himachal: शिमला में हुआ भूस्खलन, एक महिला की मौत, 2 गंभीर घायल

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के उप नगर ढली में बुधवार सुबह साढ़े 4 बजे भूस्खलन हो गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई है, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि तीन लोग रात को टेंट में सो रहे थे। सुबह टनल के समीप पहाड़ी से टेंट पर पत्थर आ गिरा। घायलों को उपचार के लिए IGMC शिमला में भर्ती किया गया है। यहां उनका उपचार चल रहा है। घटना में घायल और मृतक पंजाब के बताए जा रहे हैं जो सड़क किनारे दवाइयां बेचने का काम करते हैं।

बता दें कि शिमला में आधी रात से ही बारिश हो रही है। इसी वजह से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। जिस जगह हादसा हुआ है, वहां सड़क को चौड़ा करने के लिए कुछ समय पहले ही कटिंग की गई है। कुछ गाड़ियां भी मलबे की चपेट में आ गई हैं। प्रशासन और पुलिस मौके पर मौजूद है।