पंजाब, हरियाणा में भारी बारिश, न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से ऊपर

पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में बृहस्पतिवार को बारिश हुई लेकिन इसके बावजूद न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा। वहीं, पंजाब के मोगा जिले में बारिश के साथ ओले भी गिरे।

मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में चंडीगढ़, लुधियाना, अमृतसर, पटियाला, गुरदासपुर, पठानकोट, फरीदकोट और मोहाली सहित अन्य स्थानों पर बारिश हुई जबकि हरियाणा में अंबाला, हिसार, करनाल, रोहतक, भिवानी में बारिश ने दस्तक दी।

हरियाणा के अंबाला और हिसार में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस और 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य तापमान से चार डिग्री अधिक है। जबकि पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से चार डिग्री अधिक है जबकि लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।