हरियाणा में कम नहीं होगा गर्मी का सितम, मौसम विभाग ने इन 16 जिलों में जारी किया हीट वेव का अलर्ट

हरियाणा में कम नहीं होगा गर्मी का सितम, मौसम विभाग ने इन 16 जिलों में जारी किया हीट वेव का अलर्ट

हरियाणा में गर्मी का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा है और आने वाले दिनों में भी हरियाणा में गर्मी से कोई राहत नहीं है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 16 जिलों में 26, 27 और 28 मई को रेड अलर्ट जारी किया है।

रेड अलर्ट वाले जिलों में महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं।

इन जिलों में आने वाले 3 दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी भी देखने को मिल सकती है। राज्य के बाकी जिलों में भी मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल शामिल हैं।

डॉक्टरों के अनुसार इस गर्मी में डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। हरियाणा के हांसी में 22 मई को डिहाइड्रेशन से एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत का मामला भी सामने आ चुका है।

ऐसे में डॉक्टर्स और मौसम विभाग ने लोगों को खूब पानी पीने की सलाह दी है और साथ ही जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की हिदायत दी है।

मौसम विशेषज्ञ के अनुसार अगले 4-5 दिनों के दौरान हरियाणा में मौसम शुष्क रहेगा। फिलहाल प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 45-46 डिग्री के बीच बना हुआ है।

अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। हालांकि प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में यह 42-44 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।