कुवैत अग्निकांड में हरियाणा के युवक की मौत, घर आने की थी तैयारी

कुवैत अग्निकांड में हरियाणा के युवक की मौत, घर आने की थी तैयारी

कुवैत के मंगाफ में 12 जून को हुए अग्निकांड में हुई 45 भारतीयों की मौत में हरियाणा के यमुनानगर निवासी एक युवक की भी मौत हो गई। यमुनानगर की विजय कॉलोनी निवासी अनिल गिरी रोजगार की तलाश में 5 साल पहले कुवैत गए थे। पांच साल बाद वह घर वापसी की तैयारी कर रहे थे। घर पर पत्नी और 2 बच्चे उनका इंतजार कर रहे थे, लेकिन घर वापसी से पहले आग ने उनकी सांसे छीन ली। मृतक अनिल गिरी मूल रूप से बिहार के गोपालगंज के रहने वाले थे, लेकिन पिछले कई सालों से उनका परिवार यमुनानगर में रह रहा था।

इसे भी पढ़ें – चंडीगढ़ में मौसम की मार, सूखने लगी सिटी ब्यूटीफुल की सुखना झील

वेल्डिंग असिस्टेंट का काम करते थे अनिल गिरी

अनिल गिरी वेल्डिंग असिस्टेंट के रूप में करीब 5 साल पहले कुवैत गए थे। घर में बुजुर्ग मां-बाप, मासूम बच्चे और पत्नी उनके इंतजार में थी, लेकिन अब उनके पास केवल कभी न खत्म होने वाले आंसू रह गए हैं। परिवार में चार भाई-बहनों में अनिल गिरी सबसे छोटे थे। बीपीएल परिवार से तालुक रखने वाले अनिल के दोनों बच्चों नाबालिग हैं और अभी पढ़ाई कर रहे हैं। वह घर के इकलौते कमाने वाले थे, उनकी मौत ने घर की रोजी-रोटी चलाने वाले को छीन लिया।

इसे भी पढ़ें – पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह की विपक्ष को नसीहत, राज्यसभा उपचुनाव को लेकर कही बड़ी बात

45 भारतीयों की हुई मौत

जान गंवाने वालों में 23 लोग केरल के, 7 लोग तमिलनाडु के, आंध्र प्रदेश -उत्तर प्रदेश के 3-3 और बिहार, ओडिशा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, झारखंड, हरियाणा, पंजाब और पश्चिम बंगाल के 1-1 लोग शामिल हैं। वहीं एक मृतक के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है।