हरियाणा: टोहाना में छेड़छाड़ का विरोध करने पर चलती ट्रेन से महिला को फेंका, हुई मौत, आरोपी गिरफ्तार

छेड़छाड़ का विरोध करने पर हरियाणा में फतेहाबाद के टोहाना में गुरुवार देर रात एक महिला को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया गया। घटना के बाद पीड़िता की मौत हो गई है। मृतक की पहचान मंदीप कौर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला नौ वर्षीय बेटे के साथ ट्रेन में यात्रा कर रही थी। घटना बेटे के सामने हुई। बच्चे ने टोहाना स्टेशन पर पहुंचने के बाद पिता को घटना की जानकारी दी। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने पर पिता ने बच्चे को अकेला रोते हुए देखा। पुलिस ने बताया कि बच्चे ने पिता को घटना के बारे में बताया।

पुलिस ने बताया कि महिला मंदीप को धक्का देने के बाद आरोपी संदीप भी ट्रेन से कूद गया था। उसे जख्मी हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद वह अपने घर कालवन चला गया, लेकिन जब वारदात का पता चला तो शुक्रवार को केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।