हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पेश किया

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शपथ लेने के एक दिन बाद बुधवार को विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पेश किया। विधानसभा अध्यक्ष ने प्रस्ताव पर चर्चा करने के लिए दो घंटे का समय तय किया है।

विश्वास प्रस्ताव रखे जाने और इस पर चर्चा शुरू होने पर जननायक जनता पार्टी (जजपा) के विधायक देवेंद्र सिंह बबली, राम कुमार गौतम, ईश्वर सिंह, राम निवास और जोगी राम सिहाग सदन से बाहर चले गए।

जजपा ने बुधवार को व्हिप जारी कर अपने 10 विधायकों को विश्वास प्रस्ताव पर मतदान के दौरान सदन से अनुपस्थित रहने को कहा है। राज्य के पूर्व गृह मंत्री अनिल विज सदन में मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्ताव पेश करने से पहले, कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता से जल्दबाजी में विधानसभा सत्र बुलाने को लेकर सवाल पूछा।