हरियाणा में चढूनी ने फिर से किसान आंदोलन की घोषणा की, गन्ने के कम रेट का रहेगा मुद्दा

हरियाणा में फिर से किसान आंदोलन का ऐलान हो गया है। नए साल की शुरुआत में फिर से किसान आंदोलन होने की घोषणा हो गई है। इस बार किसान आंदोलन का मुद्दा गन्ने के कम रेट का रहेगा। आंदोलन के लिए गुरनाम सिंह चढूनी ने किसानों को तैयार रहने की बात कही है। साथ ही गन्ने का भाव नहीं बढ़ा तो जनवरी में आंदोलन की चेतावनी दी है।

भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम चढूनी ने वीडियो जारी करके कहा कि इस बार हरियाणा सरकार ने गन्ने का भाव नहीं बढ़ाया है, लेकिन पहले हरियाणा में ही सबसे ज्यादा गन्ने का भाव रहता था। इस बार पंजाब ने भाव बढ़ा दिया है, जिसके कारण हरियाणा के मुकाबले पंजाब में गन्ने का भाव 18 रुपए प्रति क्विंटल अधिक है।
गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि सरकार गन्ने का भाव जल्द से जल्द बढ़ाए अन्यथा जनवरी में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने किसानों को भी आंदोलन के लिए तैयार रहने के लिए कहा। साथ ही सरकार को चेतावनी दी कि अगर गन्ने का भाव नहीं बढ़ा तो जनवरी माह में किसान आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की मौजूदा पिराई सत्र के लिए सरकार गन्ने का रेट बढ़ाकर 450 रुपए प्रति क्विंटल करे। साथ ही काट को 7 प्रतिशत से कम करके पंजाब की तर्ज पर 3 प्रतिशत करे, ताकि गन्ना किसान घाटे में ना जाए। हरियाणा में सबसे अधिक गन्ने का रेट होता था, लेकिन अबकी बार पंजाब में गन्ना का रेट 380 रुपए प्रति क्विंटल और हरियाणा में केवल 362 रुपए प्रति क्विंटल है।