जानिए कौन है काला जठेड़ी? जो लेडी डॉन से करने जा रहा शादी?

जानिए कौन है काला जठेड़ी? जो लेडी डॉन से करने जा रहा शादी?

दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड में कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका काला जठेड़ी अपनी गर्लफ्रेंड अनुराधा से शादी रचाने जा रहा है।

अनुराधा अपराध जगत में लेडी डॉन और रिवाल्वर रानी के नाम से मशहूर थी। शादी के लिए काला जठेड़ी को दिल्ली की द्वारका कोर्ट से कस्टडी पैरोल मिली है।

पुलिस ने साल 2021 में काला जठेड़ी को गिरफ्तार किया था। काला जठेड़ी से रेसलर सुशील कुमार ने खुद को जान का खतरा बताया था। आइए जानते हैं कौन है काला जठेड़ी?

काला जाठेड़ी हरियाणा के सोनीपत जिले के जठेड़ी गांव का रहने वाला है। उसने पिछले करीब 15-16 साल के दौरान आपराधिक दुनिया में तेजी से कदम बढ़ाया।

हत्या, अपहरण, लूट, फिरौती, जमीन पर कब्जे जैसे कामों में लिप्त काला जठेड़ी के गैंग में सैकड़ों की संख्या में शूटर शामिल हैं। हरियाणा पुलिस ने उस पर घोषित इनाम की राशि को बढ़ाकर 7 लाख कर दिया था।

वहीं दिल्ली पुलिस ने भी उस पर मकोका लगाया था। काला जठेड़ी 12वीं पास है। वो पहले केबल ऑपरेटर का काम करता था, लेकिन जल्द ही जुर्म की दुनिया की तरफ मुड़ गया।

साल 2004 में जठेड़ी के खिलाफ झपटमारी का केस दर्ज हुआ था। फिर कुछ साल बाद ही हरियाणा के सांपला और फिर गोहाना में हुई हत्याओं में उसका नाम आ गया और फिर उसने मुड़कर नहीं देखा।

तिहाड़ में बंद कुख्यात नीरज बवाना के दुश्मन काला जठेड़ी के खौफ का आलम क्या है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सुशील ने गिरफ्तारी के बाद उससे जान का खतरा बताया था।

जठेड़ी गैंग की नजर दिल्ली-एनसीआर की विवादित संपत्तियों पर रहती है। उसे पंजाब-राजस्थान के कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का साथ भी हासिल है।

बता दें, काला जठेड़ी को 30 जुलाई, 2021 को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया था। उस पर दिल्ली पुलिस ने महाराष्ट्र कंट्रोल आफ आर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट लगाया हुआ है।

दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड में आपराधिक गतिविधियों की वजह से सिरदर्द बन चुका था।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उसे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से धर दबोचा था। इसके साथ ही काला की सहयोगी लेडी डॉन अनुराधा को भी गिरफ्तार कर लिया गया था।