पाकिस्तान के कराची में आत्मघाती हमले में बाल-बाल बचे पांच जापानी नागरिक

पाकिस्तान में सिंध प्रांत के कराची में शुक्रवार को जापान के पांच नागरिक आतंकवादियों के आत्मघाती हमले में बाल-बाल बच गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

‘सुजुकी मोटर्स’ के लिए काम कर रहे पांच जापानी नागरिकों की वैन को एक आत्मघाती हमलावर और एक बंदूकधारी ने निशाना बनाया। यह देश में विदेशी नागरिकों पर हमले की ताजा घटना है।

उप महानिरीक्षक (पूर्व) अजफर महेसर ने बताया कि आतंकवादी पहले से ही लांधी में मुर्तजा चोरंगी के पास सड़क पर वैन का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने पाकिस्तान सुजुकी मोटर्स के लिए काम करने वाले जापानी नागरिकों को ले जा रहे वाहन को टक्कर मारने का प्रयास किया।

उप महानिरीक्षक महेसर ने कहा, ‘‘ सभी पांचों जापानी नागरिक सुरक्षित हैं।’’

उन्होंने बताया, ‘‘जापानी नागरिक जमजमा, क्लिफ्टन में अपने निवास से ‘निर्यात प्रसंस्करण क्षेत्र’ जा रहे थे।’’

जिन्ना अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि तीन लोगों को गंभीर स्थिति में अस्पताल लाया गया है।

‘जियो न्यूज’ ने अस्पताल प्रशासन के हवाले से बताया कि घायलों में से एक, 45 वर्षीय सुरक्षा गार्ड ने दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य घायल को वेंटिलेटर पर रखा गया है।

प्रशासन ने बताया कि एक अन्य घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज जारी है।

जिन्ना अस्पताल के आपातकालीन प्रभारी नोशीन ने पुष्टि की कि दुर्घटना में कोई विदेशी नागरिक घायल नहीं हुआ है।

तोक्यो में, जापानी मुख्य कैबिनेट सचिव योशिमासा हयाशी ने बताया कि इस घटना में कई जापानियों को निशाना बनाया गया और उनमें से एक घायल हुआ है।

‘क्योदो’ समाचार एजेंसी ने बताया कि पाकिस्तानी पक्ष ने इस जानकारी की पुष्टि नहीं की है।