पहली राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग रांची में 30 अप्रैल से खेली जाएगी

पहली राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग रांची में 30 अप्रैल से दस मई तक खेली जाएगी। हॉकी इंडिया ने मंगलवार को इसका ऐलान किया ।

हॉकी इंडिया ने बताया कि इस लीग से उदीयमान खिलाड़ियों को अपने कौशल को निखारने का मौका मिलेगा लीग के पहले चरण में सीनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंची हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड, मध्यप्रदेश, बंगाल, मिजोरम, मणिपुर और ओडिशा की टीमें भाग लेंगी।

इस लीग में अंडर 21 खिलाड़ी भाग लेंगे, दूसरे चरण की तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने एक बयान में कहा,‘‘ राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग भारतीय हॉकी के लिये बड़ा पल है खासकर हमारी महिला खिलाड़ियों के लिए । इससे देश में महिला हॉकी के विकास में मदद मिलेगी।’’