FIFA WC 2022 : नवंबर में होगी FIFA WC  की शुरुआत, सारी तैयारियां हुई पूरी…

फीफा विश्व 2022 की शुरुआत नवंबर के महीने में हो रही है। कतर में आयोजित होने वाले विश्व कप की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और सभी टीमें भी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं। यह पहला मौका है, जब किसी अरब देश में इस टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। इस बार कई चीजें ऐसी हैं, जो फीफा विश्व कप के इतिहास में पहले नहीं हुई हैं।


कतर में फीफा विश्व कप 2022 में विश्व कप में पहली बार सेमी-ऑटोमेटेड ऑफसाइड तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इस पर फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने कहा, “सेमीऑटोमेटेड ऑफसाइड तकनीक दुनिया भर में लागू किए गए वीएआर सिस्टम का एक विकास है।”


हर टीम में 26 खिलाड़ी
अब तक हर टीम में कुल 23 खिलाड़ी होते थे, लेकिन कोरोना महामारी के बाद यह संख्या बढ़कर 26 हो गई। इस विश्व कप में भी हर टीम के साथ 26 खिलाड़ी होंगे। यूरोपियन चैंपियनशिप और कोपा अमेरिका कप में भी हर टीम के साथ 26 खिलाड़ियों को रखने की अनुमति दी गई थी।

महिला रेफरी
फीफा पुरुष विश्व कप के इतिहास में पहली बार कोई महिला रेफरी मैच का संचालन करेगी। इस टूर्नामेंट के लिए 36 रेफरी चुने गए हैं। इनमें तीन महिलाएं हैं – यामाशिता योशिमी, सलीमा मुकांसंगा और स्टेफनी फ्रैपार्ट। इसके अलावा, नूजा बैक, करेन डियाज मदीना और कैथरीन नेस्बिट भी 69 सहायक रेफरी में शामिल हैं।