अंडा-चिकन खाने वाले हो जाएं सावधान, फिर से भारत में बर्ड फ्लू ने दी दस्तक

अंडा-चिकन खाने वाले हो जाएं सावधान, फिर से भारत में बर्ड फ्लू ने दी दस्तक

अगर आप चिकन और अंडा खाने के शौकीन हैं तो जरा सावधान हो जाइए। रांची में एक बार फिर से बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी है। बर्ड फ्लू ऐसा वायरस है जो पक्षियों से आसानी से इंसानों में पहुंच सकता है।

बर्ड फ्लू फैलने के बाद चिकन और अंडे खाने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है। क्योंकि इंसानों में बर्ड फ्लू होने पर स्थिति जानलेवा हो सकती है। बर्ड फ्लू के मामले रांची के सरकारी पोल्ट्री फार्म में मिले हैं।

इसके बाद से झारखंड सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। एक अधिकारी ने बताया कि रांची के एक सरकारी पोल्ट्री फार्म होटवार में 1,745 मुर्गियों सहित करीब 2,196 पक्षियों को मार दिया गया।

इनके 1697 अंडे भी नष्ट कर दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि इनके सैंपल में एच5एन1 की मौजूदगी पाई गई थी। यह एक प्रकार का एवियन इन्फ्लूएंजा ए वायरस है, जो पक्षियों में बीमारी का कारण बनता है।

एच5एन1 से संक्रमित होने के बाद इंसान के शरीर में करीब 2 से 8 दिन में लक्षण नजर आते हैं। कई बार लोग इसे सीजनल फ्लू समझ लेते हैं।

इसके लक्षण खांसी और गले में खराश, तेज बुखार आना, जुकाम और नाक बंद होना, हड्डी और जोड़ों में दर्द, मांसपेशियों में दर्द होना, नाक से खून आना, ठंड लगना और थकान, सिर और छाती में दर्द, भूख कम लगना, सोने पर परेशानी होना होते हैं।

अगर तेज बुखार, खांसी और शरीर में दर्द हो तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। बर्ड फ्लू फैलने वाले किसी क्षेत्र में अगर आप गए हैं या फिर किसी फार्म और खुली जगह पर गए हैं तो आपको तुरंत डॉक्टर से बर्ड फ्लू की जांच करवा लेनी चाहिए।

WHO के मुताबिक, बर्ड फ्लू या एवियन फ्लू A टाइप का इन्फ्लुएंजा वायरस है, जो इंसानों के साथ-साथ जानवरों को भी संक्रमित कर सकता है।

जब कोई इंसान किसी संक्रमित पक्षी से सीधे तौर पर संपर्क में आता है तो उसके भी बर्ड फ्लू से संक्रमित होने का खतरा बढ़ जाता है। सीडीसी के मुताबिक, अभी तक इंसानों के बर्ड फ्लू से संक्रमित होने के मामले कम ही सामने आए हैं।

लेकिन इंसान भी बर्ड फ्लू से संक्रमित हो सकते हैं। बर्ड फ्लू का सबसे खतरनाक वायरस H5N1 होता है। H5N1 से संक्रमित होने पर ज्यादातर लोगों की मौत हो जाती है।