इंडिया गठबंधन को तोड़ना चाहती है भाजपा: डॉ. सुशील गुप्ता

इंडिया गठबंधन को तोड़ना चाहती है भाजपा: डॉ. सुशील गुप्ता

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने शुक्रवार को रोहतक स्थित पार्टी कार्यालय से प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि जब से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में सीट शेयरिंग की वार्ता अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। तब से भाजपा बौखलाई हुई है। भाजपा को लोकसभा चुनाव में हार का डर सताने लगा है और अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के लिए महाषड्यंत्र रचने में लगे गई है। इससे यह साबित होता है कि भाजपा सरकार अरविंद केजरीवाल से डरने लगी है।

जल्द हो सकती है घोषणा

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में इंडिया एलायंस की बातचीत सफलतापूर्वक अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। यह भी उम्मीद की जा रही है की सीट शेयरिंग बहुत सारे राज्यों में बहुत जल्दी अनाउंस कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे पहले जब इंडिया गठबंधन में मतभेद की खबरें आ रही थी तो भाजपा बहुत खुश थी।

लेकिन जैसे ही खबरें आने लगी कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में सीट शेयरिंग अंतिम चरण में है तो भाजपा को गंभीर झटका लगा और भाजपा में हड़कंप मच गया। इसी से घबराकर भाजपा ने अब एक महाषड्यंत्र रचने की साजिश की है, जिससे यह गठबंधन टूट जाए। उन्होंने कहा कि हम जल्द इस साजिश का आज पर्दाफाश करेंगे। लेकिन मैं देश की जनता को बताना चाहता हूं कि आम आदमी पार्टी किसी डरने वाली नहीं है।

हम नहीं करेंगे समझौता – आप

उन्होंने कहा कि अब जब इंडिया गठबंधन की वार्ता अंतिम चरण में है और बहुत जल्द शेयरिंग घोषित होने वाला है तो प्रधानमंत्री मोदी को डर लग रहा है कि अगर ऐसा हुआ तो वह 2024 लोकसभा चुनाव हार रहे हैं। इसी डर की वजह से और इंडिया गठबंधन को रोकने के लिए सीबीआई एक-दो दिन में 41ए सीआरपीसी के तहत नोटिस जारी कर सकती है और एक-दो दिन में सीबीआई और ईडी दोनों अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर सकते हैं।

उन्होंने कहा हमें यह भी जानकारी प्राप्त हुई है कि अगर आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन को छोड़ देती है और अकेले लोकसभा चुनाव लड़ती है तो सीबीआई और इडी नोटिस भेजने बंद कर देंगे और अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। लेकिन आम आदमी पार्टी और आम आदमी पार्टी के नेता इन गीदड़ भभकी से डरने वाले नहीं हैं। चाहे कुछ भी हो जाए आम आदमी पार्टी देश की जनता के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी। हम किसी भी हालत में भाजपा के सामने झुकेंगे नहीं और कोई समझौता नहीं करेंगे।