Dhanteras 2022: क्यों मनाया जाता है धनतेरस का त्योहार? जानिए इसका महत्व

दिवाली से पहले धनतेरस मनाने की परंपरा है। हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को धनतेरस का त्यौहार मनाया जाता है। इस खास दिन लोग जमकर खरीददारी करते हैं।

मान्यता है कि धनतेरस पर सोना, चांदी, बर्तन और अन्या चीजें खरीदने से मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। वहीं घर में हमेशा बरकत बनी रहे इसलिए धनतेरस के दिन विधि विधान के साथ माता लक्ष्मी, भगवान धन्वं‍तरि और कुबेर देवता की पूजा करनी चाहिए।

इस साल धनतेरस का त्यौहार 23 अक्टूबर, 2022 को मनाया जाएगा। शास्त्रों के मुताबिक, जब समुद्र मंथन हुआ था उस समय भगवान धन्वंतरि अमृत कलश के साथ प्रकट हुआ थे। वो समय कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि थी। यही वजह है कि इस दिन को धनतेरस या धनत्रयोदशी के रूप में जाना जाता है।

भगवान धन्वंतरि को विष्णु जी का अंश माना जाता है। मान्यताओं के अनुसार, समुद्र मंथन के समय भगवान धन्वंतरि हाथों में कलश लेकर प्रकट हुए थे इस वजह से धनतेरस के दिन बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। कहते हैं कि इससे धन, सौभाग्य, वैभव और अच्छे स्वास्थ्य की प्राप्ति होती है।