ब्रज दर्शन के लिए मथुरा आई कोलकाता की श्रद्धालु, आश्रम की छत से गिरकर हुई मौत

ब्रज दर्शन के लिए मथुरा आई कोलकाता की श्रद्धालु, आश्रम की छत से गिरकर हुई मौत

कोलकाता से ब्रज दर्शन के लिए मथुरा आई एक महिला श्रद्धालु की राधाकुण्ड स्थित आश्रम में प्रवास के दौरान छत से गिरकर मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गोवर्धन के थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि रोजाना की तरह बृहस्पतिवार को सुबह सभी महिलाएं एक-एक कर नहाने के बाद ब्रज के मंदिरों के दर्शन के लिए तैयार हो रही थीं तभी पता चला कि कोलकाता निवासी मनोजित विश्वास की पत्नी अशोक विश्वास (48) छत से गिर गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पश्चिम बंगाल से उनके साथ आई महिला कीर्ति विश्वास ने बताया कि 2 नवम्बर को आधा दर्जन महिलाएं पश्चिम बंगाल से ब्रज दर्शन के लिए मथुरा आई थीं और राधाकुण्ड के इस आश्रम में रह रही थीं।

कीर्ति ने कहा ‘‘बृहस्पतिवार को जब हम सब स्नान-ध्यान कर नियम सेवा कर रही थीं, कि तभी मालूम हुआ कि अशोक विश्वास छत से गिर गईं और उनकी मौत हो गई।

राधाकुण्ड पुलिस चौकी के प्रभारी शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि राधाकुण्ड में कार्तिक नियम सेवा कर रही महिलाओं में से एक (अशोक विश्वास) का संभवतः पैर फिसल जाने के कारण वह दूसरी मंजिल से नीचे गिर पड़ीं और कोई भी उपचार मिल पाने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा उनके परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।