प्री-मानसून के बावजूद हरियाणा में हीटवेव का अलर्ट, जानिए कब होगी बारिश?

प्री-मानसून के बावजूद हरियाणा में हीटवेव का अलर्ट, जानिए कब होगी बारिश?

नकुल जसूजा, चंडीगढ़:

हरियाणा के कई शहरों में सोमवार को हुई प्री-मानसून की बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। इसके बावजूद मौसम विभाग की ओर से आज यानि मंगलवार को हरियाणा के 8 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग की ओर से हरियाणा के अंबाला, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, हिसार, भिवानी, रोहतक और चरखी दादरी में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, मौसम विभाग ने चंडीगढ़ में भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। कुछ दिनों से शहर का तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। यहां 28 जून को बारिश की संभावना है। उससे पहले गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।

यहां हुई बारिश

सोमवार को हरियाणा के गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, अंबाला, यमुनानगर, पानीपत और पंचकूला में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बारिश के कारण कुछ स्थानों पर तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। आज भी कईं शहरों में दिन भर बादल छाए रहने का अनुमान है।

इस दिन सक्रिय होगा मानसून

हरियाणा समेत दिल्ली एनसीआर के इलाकों में 30 जून से मानसून पूरी तरह सक्रिय होने वाला है। मौसम विभाग की माने तो 30 जून के बाद ही इन इलाकों में तेज बारिश देखने को मिलेगी।

एमपी और यूपी के रास्ते मानसून हरियाणा में दस्तक देगा। इस बार भी दोनों ओर से मानसून के आगे बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग पहले ही कह चुका है कि इस बार हरियाणा में सामान्य बारिश होगी।